नई दिल्ली, (एडीएनए)। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और हूती विद्रोहियों के रियाद एयरपोर्ट पर ताजा हमलों के साथ हूती की धमकियों को देखते हुए भारत सरकार ने सउदी की सभी उड़ानों पर दीवाली तक के लिए रोक लगा दी है। इसी के साथ तमाम एयरलाइंस ने अपनी एडवाइजरी जारी कर दी है।
हूती विद्रोहियों के हमले के बाद रियाद एयरपोर्ट कुछ दिन पहले ही खोला गया था और कुछ एयरलाइंस वहां से उड़ान के लिए तैयार हुई थीं कि फिर से हूती ने बैलेस्टिक मिसाइलों से हमला कर दिया। हालांकि सउदी अरब ने आसमान में ही उसकी मिसाइलें ध्वस्त कर दीं। इसके बाद हूती विद्रोहियों ने धमकी दी कि रियाद एयरपोर्ट से यात्रा करने का मतलब मौत है, विद्रोहियों ने कही यह उनके मिलेट्री रेंज में है और फिर वहां पर हमला करेंगे। इसके बाद भारत सरकार ने दीवाली तक के लिए सउदी की सारी उड़ानें रोक दीं।
ताजा स्थितियों को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 7 नवंबर तक के लिए सउदी की अपनी सारी फ्लाइट रद्द कर दीं हैं, साथ ही फ्री रीबुकिंग का आप्शन दिया है। एयर इंडिया ने कहा है कि जिन यात्रियों की 24 अक्टूबर को या उससे पहले रियाद और दम्माम सेक्टर के लिए कन्फर्म बुकिंग हुई है वे फ्रीबुकिंग का फायदा उठा सकते हैं, साथ ही एयरलाइन ने टिकच कैंसिल करने पर पूरा पैसा वापस करने की भी पेशकश की है। जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा है कि जिन यात्रियों ने 24 अक्टूबर को या उससे पहले रियाद और दम्माम के लिए बुकिंग की थी और उनकी यात्रा की तारीख 7 नवबंर तक थी वे सउदी अरब, बहरीन या भारत के किसी भी एयर इंडिया एक्सप्रेस स्टेशन के लिए एक बार की कॉम्प्लिमेंट्री रीबुकिंग का फायदा उठा सकते हैं।
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के बाद आकासा एयर और इंडिगो ने भी अपना उड़ानों पर रोक बढ़ा दी है। आकासा एयर ने जेद्दा के लिए 10 नवंबर और रियाद के लिए 30 नवबंर 2026 तक के लिए उड़ानें स्थगित कर दी हैं। आकासा ने कहा है कि यह फैसला वहां के माहौल और सुरक्षा को देखते हुए लेना पड़ रहा है। यही स्थिति इंडिगो की है, उसने भी फिलहाल सउदी की अपनी उड़ानों को रोक दिया है।