नई दिल्ली (एडीएनए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार 28 मार्च 2026 को नोएडा (जेवर) एयरपोर्ट के पहले फेस का उद्घाटन किया, इस एयरपोर्ट से तीन फेस अभी बाकी हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों की मानें तो चारो फेस 2040-50 के बीच पूरे होंगे और तब देश के सबसे बड़े इस एयरपोर्ट की क्षमता 7 करोड़ यात्रियों की होगी।
नोएडा एयरपोर्ट के पहले फेस के निर्माण में 11200 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, सरकार का कहना है कि इसके अगले चरणों को निर्माण में धन की कोई कमी नहीं आएगी। पहले चरण के उद्घाटन के साथ एयरपोर्ट की सालाना क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की हो गई है, एयरपोर्ट अधिकारियों और सरकार के अनुसार इसका दूसरा चरण 2031-32 में पूरा हो जाएगा और तब इसकी क्षमता 3 करोड़ से ज्यादा यात्रियों की हो जाएगी। सरकार के अनुसार 2036-37 में तीसरा चरण पूरा होगा तब यात्रियों की क्षमता 5 करोड़ से ऊपर हो जाएगी, जबकि चौथे और अंतिम चरण का निर्माण 2040-50 तक पूरा करने का लक्ष्य है और तब एयरपोर्च की कुल क्षमता 7 करोड़ से अधिक यात्रियों की हो जाएगी और यह देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन जाएगा। यहां से हर दो मिनट में विमान की उड़ान होगी।