दिल्ली, (एडीएनए)। विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रहे इंडिगो के विमान का हजारों फिट ऊपर आसमान में इंजन फेल हो गया। विमान में सवार 161 यात्रियों की सांसें अटक गईं, दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान की फुल इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
विमान ने विशाखापत्तनम से 161 यात्रियों और क्रू मेंबर के साथ उड़ान भरी थी, दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने से पहले उसका इंजन फेल हो गया। पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग का अलर्ट जारी किया जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। पायलट की सूचना पर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित की गई और सभी को अलर्ट कर दिया गया। फायर ब्रिगेड समेत सभी इमरजेंसी सेवाओं को तुरंत सक्रिय कर दिया गया जिसके बाद विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।