नई दिल्ली (एडीएनए)। नोएडा यानी जेवर एयरपोर्ट से उड़ान भरने को अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा, 15जून से एयरपोर्ट से उड़ान शुरू हो जाएगी। पहली फ्लाइट बंगलुरु की होगी जिसके लिए इंडिगो ने टिकटों की बिक्री चालू कर दी है। फिलहाल यहां से घरेलू फ्लाइट शुरू होंगी, इंडिगो के अलावा एयर इंडिया, आकासा समेत कई एयरलाइंस ने नोएडा एयरपोर्ट से फ्लाइट्स का शेड्यूल जारी किया है।
एनसीआर के तीसरा एयरपोर्ट नोएडा से 15 जून से जुलाई तक देश के 16 शहरों से जुड़ जाएगा। इसी के साथ यूपी का सबसे बड़े एयरपोर्ट की देश के लगभग सभी बड़े एयरपोर्टों से कनेक्टिविटी हो जाएगी। यह देश के एवेशन सेक्टर में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। यह एयरपोर्ट न केवल एनसीआर के लोगों के लिए बल्कि पश्चिम उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए एयर कनेक्टिविटी का बेहतर साधन होगा। इंडिगो यहां से आपरेशन शुरू करने वाली पहली एयरलाइंस होगी। इंडिगो ने ऐलान किया है कि जल्द ही यहां से वह देश के 16 बड़े शहरों के लिए फ्लाइट शुरू करेगी। इसमें बेंगलुरु और हैदराबाद के साथ अमृतसर, चंडीगढ़, जयपुर, लखनऊ, श्रीनगर, धरमशाला, नवी मुंबई जैसे एयरपोर्ट शामिल होंगे। इंडिगो के अलावा एयर इंडिया और आकासा एयरलाइंस भी जून से ही यहां से आपरेशन शुरू करने जा रही हैं और इसके लिए उन्होंने अपने शेड्यूल भी जारी कर दिए हैं। एक जुलाई से यहां से जोधपुर, भोपाल, देहरादून, जैसे शहरों के लिए भी फ्लाइट शुरू हो जाएंगीं।