नई दिल्ली (एडीएनए)। आस्ट्रेलिया में दुनिया का सबसे बड़ा युद्धाभ्यास ‘पिच ब्लैक 2026’ सोमवार से शुरू हो चुका है। इस मेगा युद्धाभ्यास में हिस्सा लेने के लिए भारतीय वायुसेना का राफेल डार्विन के आस्ट्रेलियाई वायुसेना बेस पर उतर चुका है। राफेल एक बार फिर दुनिया के इस सबसे बड़े युद्धाभ्यास में इम्तिहान देगा और पास होगा।
भारतीय वायुसेना के लिए राफेल की खरीद शुरुआत से विवादों में रही है लेकिन इसने हर बार हर इम्तिहान पास किया है। ‘अभ्यास पिच ब्लैक 2026’ में भारत समेत 19 देशों के 100 से अधिक विमान और 4400 से अधिक सैनिक हिस्सा ले रहे हैं। 20 अगस्त को डार्विन में बहुराष्ट्रीय हवाई मुकाबला शुरू हो चुका है, सात अगस्त तक चलने वाला यह प्रदर्शन अब तक के सबसे बड़े वायुसैनिक जमावड़े का गवाह बनने जा रहा है। इस युद्धाअभ्यास का अधिकतर हिस्सा रात के अंधेरे में पूरा होगा इसीलिए इसका नाम पिच ब्लैक रखा गया है। भारत का राफेल भी इस युद्धाभ्यास का हिस्सा बन रहा है, यह भारतीय वायुसेना के लिए गर्व की बात है।
‘पिच ब्लैक’ उत्तरी आस्ट्रेलिया के विशाल और कम आबादी वाले इलाके में हो रहा है। 45 साल से यह युद्धाभ्यास दुनिया का सबसे बड़ा अभ्यास साबित हो रहा है और इस बार का संस्करण सबसे बड़ा बनने जा रहा है। इसमें हिस्सा लेने के लिए भारत समेत कई देशों से बड़ी संख्या में फाइटर जेट और सैनिक पहुंच चुके हैं। भारत की तरफ से राफेल के अलावा सी-17, ग्लोबमास्टर-3 और आईएल-78 का भी प्रदर्शन इस युद्धाभ्यास में होगा।