नई दिल्ली (एडीएनए)। दुबई-मुंबई इंडिगो फ्लाइट के कार्गो कंपार्टमेंट से धुंआ निकलता देख पायलट ने राजकोट में विमान की इमरजेंसी लैडिंग कराई। विमान में सवार 194 यात्री और क्रू मेंबर धुंआ देख सहम गए, कुछ देर के लिए उनकी सांसें अटक गईं। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी यत्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इंडिगो के अनुसार दुबई से मुंबई आ रही उसकी फ्लाइट IGO 1452 को उस समय राजकोट में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी जब पायलट ने उसके कार्गो कंपार्टमेंट से धुंआ निकलते देखा। इंडिगो के अनुसार विमान में पायलट, क्रू मेंबर और यात्रियों समेत 194 लोग सवार थे। इंडिगो ने आधिकारिक रूप से कहा कि सभी यात्रियों को फ्लाइट से सुरक्षित उतार लिया गया और उनको आगे गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई है।
जिस समय विमान के एक हिस्से से धुंआ निकला विमान के यात्री दहशत में आ गए, कई यात्रियों की चीख निकल गई। इसके चलते भी पायलट को तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला करना पड़ा। पायलट ने तुरंत की राजकोट एयरपोर्ट में संपर्क किया और सिग्नल मिलते ही सुरक्षित लैंडिंग कराई।