नई दिल्ली, (एडीएनए)। एयर टर्बुलेंस में फंसे एयर इंडिया के विमान के ब्लैक बाक्स की जांच होगी। डीजीसीए ने इसके आदेश दे दिए हैं। फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट एयर टर्बुलेंस में फंसी थी जिसके कारण कई यात्री घायल हुए हैं।
04 अगस्त यानी मंगलवार को थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट में 137 यात्री और 8 क्रू मेंबर सवार थे। दिल्ली के करीब है फ्लाइट एयर टर्बुलेंस में फंस गई, एक झटके में विमान कई सौ फीट नीचे आ गया और काफी देर तक विमान कांपता रहा। हालांकि दिल्ली एयरपोर्ट पर उसकी सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई। झटके में कई यात्री और क्रू मेंबर सीट से नीचे गिरे जिससे वह घायल हो गए, जिनको अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
अचानक फ्लाइट में झटके और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर डीजीसीए गंभीर है। उसने मामले की तुरंत जांच के आदेश दिए हैं, विषेश रूप से डीजीसीए ने ब्लैक बाक्स की जांच के लिए कहा है ताकि पता चल सके वास्तव में हुआ क्या था और क्या पायलट इससे बच सकते थे। जांच के बाद डीजीसीए किसी नतीजे पर पहुंचेगा और नए सिरे से गाइडलाइन जारी करेगा ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं में कम से कम नुकसान हो।