नई दिल्ली, (एडीएनए)। एयर इंडिया का जो विमान एयर टर्बुलेंस में फंसकर 300 फीट नीचे आ गया था उसका पायलट का डोप टेस्ट पॉजिटिव आया है।
थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट में सवार 137 यात्रियों और 8 क्रू सदस्यों की जान उस समय सांसत में फंस गई थी जब विमान एयर टर्बुलेंस में फंसने से गोता खा गया था। एक झटके में विमान 300 फीट नीचे आ गया था और काफी देर तक वह हवा में कांपता रहा। झटके से कई यात्री सीटों से नीचे गिरे थे, इसमें से कई तो चोटें आयी थीं। डीजीसीए घटना की हर एंगल से जांच करा रहा है। साथ ही सरकार ने भी विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
दिल्ली में विमान उतरने के बाद जब विमान की अन्य जांचों के साथ पायलटों का डोपिंग टेस्ट कराया गया तो एक पायलट इसमें फेल हो गया। पायलट-इन-कमांड साइकोएक्टिव पदार्थ (नशीले पदार्थ) के लिए पॉजिटिव मिला। अब उसका एक और टेस्ट किया गया है जिसकी रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। इससे पता चल पाएगा कि उसने कोई दवा ली थी या फिर शराब आदि का नशा किया था। एयर इंडिया के अनुसार जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को फ्लाइट रोस्टर से अलग कर दिया गया है। किसी पायलट के तीन बार डोप डेस्ट में फेल होने पर उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाता है।